कोरोना संक्रमण के लिहाज से अहम माने जा रहे दिल्ली के बीस इलाकों को सील कर दिया गया है। इसमें मालवीय नगर, संगमविहार, द्वारका, निजामुद्दीन, वसुंधरा इन्क्लेव, मंडावली, विनोद नगर और किशनकुंज के इलाके शामिल हैं। दिल्ली सरकार ने यह कड़ा फैसला बुधवार को लिया। बुधवार शाम तक दिल्ली में कोरोना के 669 मामले सामने आ चुके थे।
इसमें सबसे ज्यादा 426 मामले (कुल के 63 फीसदी से अधिक) निजामुद्दीन तब्लीगी जमात मरकज से जुड़े पाए गए हैं। कुल मामलों में बाहर से यात्रा करके देश में आने वाले 214 मामले शामिल हैं। इनमें 558 लोगों को दिल्ली के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में इलाज दिया जा रहा है। नौ लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग स्वस्थ होने के उनके घर भेज दिए गए हैं।
अस्पतालों में यह है स्थिति
दिल्ली सरकार कोरोना संक्रमित लोगों का एलएनजेपी, जीटीबी, दीन दयाल उपाध्याय, राम मनोहर लोहिया सहित कई अन्य अस्पतालों में इलाज करवा रही है। इनकी 2376 की क्षमता है, 558 कोरोना पॉजिटिव लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि 1052 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
28 लोगों को आईसीयू में भर्ती किया गया है जबकि केवल छह लोगों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। 15 लोग ऐसे हैं जो इस समय ऑक्सीजन पर चल रहे हैं। एक तरह से कहा जा सकता है कि दिल्ली में बहुत गंभीर बीमार लोगों की संख्या अभी भी कम है।